राजस्थान से सर्वाधिक तीन स्टूडेंट्स बने टॉपर

नई दिल्ली/कोटा,  नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन, 2026 के जनवरी सत्र का रिजल्ट सोमवार को घोषित किया गया। इस परीक्षा में कुल 13,04,653 परीक्षार्थियों ने पेपर-1 दिया था, जिसमें 4,49,568 छात्रायें एवं 8,55,085 छात्र शामिल हैं।

एनटीए द्वारा जारी अधिकृत रिजल्ट के अनुसार इस वर्ष 12 स्टूडेंट्स ने 100 परसेंटसइल स्कोर प्राप्त किया है। जिसमें राजस्थान से सर्वाधिक तीन छात्रों कबीर छिल्लर, चिरंजीब कार, अर्णव गौतम ने 100 एनटीए स्कोर हासिल किया है। 


दिल्ली से श्रेयस मिश्रा, आंध्र प्रदेश से नरेद्र बाबू गरि माहिथ व पसाल मोहिथ, बिहार से शुभम कुमार, उडीसा से भावेश पात्रा, हरियाणा से अनय जैन, महाराष्ट्र से माधव विराडिया, गुजरात से पुरोहित निमय, तेलंगाना से विवान शरद माहेश्वरी ने 100 परसेंटाइल अंक प्राप्त किये हैं।

43 स्टूडेंटस बने स्टेट टॉपर-

इस प्रवेश परीक्षा में शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले 43 स्टूडेंट्स को स्टेट टॉपर घोषित किया है। इसी तरह, सामान्य वर्ग के 11 विद्यार्थियों ने एनटीए स्कोर 100 अर्जित किया है। ईडब्ल्यूएस सामान्य में राजस्थान के श्रेष्ठ जसोरिया 99.9992442 परसेंटाइल से टॉपर रहे। 

ओबीसी एनसीएल वर्ग में आंध्र प्रदेश के नरेंद्र बाबू गरी माहिथ टॉपर रहे। एस सी वर्ग में आंध्र के ही देवा सरिवेध और एसटी वर्ग में राजस्थान के दक्ष सेहरा केटेगरी टॉपर रहे। दिव्यांग वर्ग में मध्यप्रदेश के अर्श जैन टॉपर बने। छात्राओं में हरियाणा की छात्रा अशी ग्रेवाल 99.9969766 परसेंटाइल स्कोर से ऑल इंडिया टॉपर रहीं।

ओबीसी से सर्वाधिक 5.17 लाख परीक्षार्थी-

एनटीए के निदेशक परीक्षा के अनुसार इस वर्ष विदेश के 15 शहरों सहित कुल 326 शहरों में 658 परीक्षा केंद्रों पर 21,22,23,24 व 28 जनवरी को यह परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें 96.26 प्रतिशत परीक्षार्थी शामिल हुये। 

इसमें सामान्य वर्ग के 4.52 लाख, ओबीसी एनसीएल के 5.17 लाख, एससी वर्ग के 1.29 लाख, एसटी वर्ग के 43,632 एवं सामान्य ईडब्ल्यूएस के 1.60 लाख परीक्षार्थियोंने बीटेक के लिये पेपर-1 दिया है। विदेश से डेविस सजू जोन 99.9148010 परसेंटाइल के साथ टॉपर रहे।