प्रयागराज, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज ने पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 का रिजल्ट आज देर शाम घोषित किया है। आयोग ने 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है।

पीसीएस मेंस की लिखित परीक्षा 29 जून से 2 जुलाई 2025 तक प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। मेंस परीक्षा में कुल 13,776 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। पीसीएस संवर्ग के कुल 24 प्रकार के पदों के लिए 947 पदों पर भर्ती होनी है, जिसमें 60 पदों पर केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन होना है। इन पदों का परिणाम अंतिम चरण परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा।

60 रिक्तियों को छोड़ते हुए 887 रिक्तियों पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन होना है। साक्षात्कार के लिए अलग सूचना दी जाएगी। यूपी लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार की ओर से रिजल्ट आज देर शाम घोषित किया गया है।