प्रधानमंत्री मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा आज
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'परीक्षा पे चर्चा' का प्रसारण आज सुबह 10 बजे होगा। प्रधानमंत्री 'परीक्षा पे चर्चा' के विशेष धारावाहिक (एपिसोड) में विद्यार्थियों से परीक्षाओं से जुड़े विषय, तनावमुक्त रहने और सीखने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत पर बात करेंगे। आज के कार्यक्रम के लिए 4.5 करोड़ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'परीक्षा पे चर्चा' के प्रसारण की पूर्व संध्या पर कहा कि इस वर्ष का परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम कई रोचक विषयों को शामिल करेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन्हें होनहार विद्यार्थियों से संवाद का मौका देता है। । परीक्षा पे चर्चा का यह एपिसोड टेलीविजन के साथ सोनीलिव, प्राइम वीडियो व जी5 जैसे ओटीटी मंचों पर भी उपलब्ध रहेगा।
पहले यह कार्यक्रम मुख्य रूप से दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होता रहा है, लेकिन अब इसके आयोजन के तरीके में बदलाव देखने को मिल रहा है। नई पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के अलग-अलग क्षेत्रों के विद्यार्थियों से सीधे मुलाकात कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्यक्रम को लेकर अपनी उत्सुकता व्यक्त की और कहा कि परीक्षा के मौसम में 'परीक्षा पे चर्चा' की वापसी छात्रों के लिए नई ऊर्जा लेकर आती है। उन्होंने छात्रों से तनावमुक्त होकर परीक्षाओं का सामना करने की अपील भी की।
इस खास कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और डीडी इंडिया चैनल के साथ-साथ आकाशवाणी पर किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनल, फेसबुक लाइव और MyGov.in पोर्टल पर भी इसे ऑनलाइन देखा जा सकता है।















