भारतीय शेयर बाजार विभिन्न झटकों को झेलने में सक्षमः तुहिन कांत पांडेय
भुवनेश्वर, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट की वजह से वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ा है, लेकिन भारतीय शेयर बाजार ‘विभिन्न तरह के झटके झेल पाने’ में सक्षम हैं।
पूंजी बाजार नियामक सेबी के अध्यक्ष ने यहां आयोजित ‘क्षेत्रीय निवेशक जागरूकता संगोष्ठी’ के इतर संवाददाताओं से कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में पैदा होने वाले संकट का असर अन्य अर्थव्यवस्थाओं पर भी पड़ता है। पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट से कच्चे तेल की आपूर्ति शृंखला और कीमतें प्रभावित हुई हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई का जोखिम बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बाजार आपस में जुड़े हुए हैं, इसलिए उतार-चढ़ाव की स्थिति होना स्वाभाविक है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते कच्चे तेल एवं गैस की आपूर्ति काफी हद तक बाधित हो गई है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए आपूर्ति पक्ष पर प्रतिकूल हालात पैदा होने की आशंका जताई जा रही है।















