खूंटी,  तोरपा थाना क्षेत्र के सुंदारी पाकर टोली एवं गुड़गुड़ चुआं के बीच नाला पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल के पास रविवार देर रात अपराधियों की ओर से फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है।

एसआईटी में पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के अलावा तोरपा, रनिया, कर्रा एवं तपकारा थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। टीम ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मजदूरों से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली।

एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा ने बताया कि अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में तीन अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां पहुंचते ही पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। मजदूरों के मुताबिक अपराधियों ने चार राउंड गोली चलाई। इसके बाद उन्होंने एक मजदूर से मोबाइल छीन लिया और पुल निर्माण के ठेकेदार से बात कराने की मांग करने लगे।

घटना के समय निर्माण स्थल पर लगभग 15 से 17 मजदूर मौजूद थे। मजदूरों ने एकजुट होकर विरोध किया और अपराधियों की ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख तीनों अपराधी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।

भागने के दौरान अपराधियों ने मजदूर से छीना गया मोबाइल भी वहीं फेंक दिया। सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस रात में ही घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है। इस संबंध में मुंशी नयन के बयान पर तोरपा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।