नई दिल्ली, । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का माहौल बना हुआ है। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच आज बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली का जोर बना दिया जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रिकवर कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। एफएमसीजी व बैंकिंग सेक्टर में आई तेजी के सपोर्ट से शुरू हुई इस खरीदारी के दम पर बाजार लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ता गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 64.74 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,853.11 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवाली का दौर शुरू हो गया। खासकर, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी जैसे बड़े दिग्गज शेयरों में आई तेजी से बाजार को शुरुआती बूस्ट मिला, जिससे यह सूचकांक शुरुआती कारोबार में ही उछल कर 77,396.04 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 335.27 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,253.12 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 68.60 अंक यानी 0.29 प्रतिशत टूट कर 23,742.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही एफएमसीजी, फाइनेंस और ऑटो जैसी दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते इस सूचकांक की चाल ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही 23,946.35 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 102.60 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,913.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,832 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,965 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 867 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 12 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

आज सुबह के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में आईटीसी 3.09 प्रतिशत की तूफानी बढ़त के साथ सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा मैक्स हेल्थकेयर 2.65 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.41 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.23 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.71 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, बाजार की इस तेजी के बीच भी टॉप लूजर्स में कोल इंडिया 1.74 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 1.55 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 1.01 प्रतिशत, इन्फोसिस 0.67 प्रतिशत और एचसीएल टेक 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,917.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,810.85 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

बड़ी खबर