देवा मेला : न्यायिक दायित्वों के साथ संगीत की साधना,एडीजे ने गुनगुनाई गजलें
बाराबंकी ऐतिहासिक देवा मेला-2026 के सांस्कृतिक मंच पर मंगलवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्ण चन्द्र ने अपनी गजल गायकी से श्रोताओं का दिल जीत लिया। उन्होंने मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह की सदाबहार गजलों को अपनी आवाज में पेश कर महफिल को यादगार बना दिया।
कृष्ण चन्द्र ने 'ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो', 'प्यार का पहला खत लिखने में वक्त तो लगता है' और 'झुकी-झुकी सी नजर, बेकरार है कि नहीं' जैसी लोकप्रिय गजलें सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। उनकी भावपूर्ण गायकी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
न्यायिक दायित्वों के साथ संगीत के प्रति उनकी साधना और लगाव कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। हर प्रस्तुति पर सांस्कृतिक पंडाल तालियों से गूंजता रहा।














