बहराइच,  खैरीघाट थाने के मथुरा गांव में एक किशोरी की हत्या कर फरार आरोपित को पुलिस ने रविवार रात में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस घायलावस्था में उसे सीएचसी शिवपुर ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

शुक्रवार प्रातः मथुरा गांव से गायब किशोरी का शव खेत में मिला था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को हिरासत में लिया था और उससे पूछताछ कर रही थी। रविवार की रात आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

फरार आरोपित की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थी। देर रात्रि पुलिस और फरार आरोपित के मध्य मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्यवाही में पुलिस की तरफ से चली गोली आरोपित के पैर में लग गई और वह घायल हो गया। आरोपित की पहचान ग्राम पंचायत मथुरा निवासी अरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को किशोरी हत्याकांड का मुख्य आरोपित बताया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण डी पी तिवारी पुलिस बल के साथ मुठभेड़ स्थल पर पहुँचे।

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। रविवार को इमामगंज के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था। खैरीघाट सहित अन्य थानों की पुलिस पार्टी ने घेराबंदी की तो आरोपित ने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया, जवाबी कार्रवाई में आरोपित अरुण के पैर में गोली लगी है। आरोपित के पास से 312 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।