खूंटी । खूंटी चाईबासा मुख्य सड़क पर मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदा और सांडीगांव के बीच रविवार को थार वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में रांची के डोरंडा स्थित गौरीशंकर नगर निवासी उज्जवल साहू की मौत हो गई, जबकि उनकी बहन काजल गुप्ता, भाई सागर कुमार गुप्ता और बहनोई दीपू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दीपू गुप्ता की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि काजल और सागर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।

घायल सागर कुमार गुप्ता ने बताया कि वे लोग रविवार को परिवार के साथ हिरनी फॉल घूमने गए थे। लौटने के दौरान उज्जवल साहू थार वाहन चला रहे थे। बिंदा गांव के पास पुलिया के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पुलिया की रेलिंग पूरी तरह टूट गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दो लोग काफी देर तक वाहन के अंदर फंसे रहे। सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।