विधायक ने 23 योजनाओं का किया शिलान्यास
देवघर, सारठ विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया स्टेडियम में रविवार को विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान कुल 23 योजनाओं का शिलान्यास तथा 2 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि सारठ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। विधायक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोग से राज्य सहित सारठ क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद, अनाबद्ध निधि एवं विभिन्न विभागों के तहत लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से कुल 53 योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें सारठ प्रखंड के सधरिया, कचुवाबांक, झिलुवा, बोचबांध, पारबाद सहित कई गांवों में 7 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा डुमरिया में स्टेडियम मरम्मती, अंचल कार्यालय मरम्मती तथा सधरिया में पीसीसी पथ निर्माण सहित कुल 10 योजनाएं शामिल हैं।
वहीं पालोजोरी प्रखंड के पहरुडिह, धावा, कुंजोडा, बांधडिह, सगराजोर आदि क्षेत्रों में 5 स्वास्थ्य उपकेंद्र, धावा एवं बरमसिया में पीसीसी सड़क निर्माण, जेएफएससी गोदाम में चहारदीवारी निर्माण तथा कई जगहों पर चेक डैम निर्माण सहित कुल 13 योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम में सारठ एवं बामनगामा में शीतल पेयजल योजना का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही सारठ एवं पालोजोरी क्षेत्र में 30 हाईमास्ट लाइटों के अधिष्ठापन का शिलान्यास भी किया गया।
विधायक ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में पुस्तकालय, अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय विद्यालय, इनडोर स्टेडियम, पथरड्डा पहाड़ का सौंदर्यीकरण, 400 एकड़ भूमि पर उद्योग स्थापना, प्रेस क्लब भवन सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं पेयजल के क्षेत्र में कई और योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
इस मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, प्रखंड अध्यक्ष लखेश्वर मुर्मू, सचिव अनिल सिंह, शालिग्राम मंडल, विक्रम सिंह, पालोजोरी प्रखंड प्रमुख उषा किरण मरांडी, अब्दुल रहीम, इकबाल मिर्जा, सुभाष मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।














