युवाओं को नजरअंदाज करना भारी पड़ेगा राज्य सरकार को : सुदेश
रांची, आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि युवा शक्ति ही झारखंड की दिशा बदलेगी। हेमंत सरकार युवाओं के हितों को नजरअंदाज कर रही है और राज्य में माफिया राज चल रहा है, जो उसे भारी पड़ेगा। सुदेश रविवार को लातेहार जिले के चंदवा स्थित लादू बाबु बैंक्वेट हॉल में आयोजित युवा आजसू के पलामू प्रमंडलीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
सुदेश ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। झारखंड के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक बदलाव में युवाओं की भागीदारी निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने, समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनने और राज्य के अधिकार, पहचान और विकास के लिए मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान एवं विकास के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने सुदेश महतो का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए
डॉ भगत ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं के विचार, संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर मंथन का सशक्त मंच बना।
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय सचिव शंकर विश्वकर्मा, विकेश शुक्ला, इम्तियाज अहमद नजमी, विजय मेहता, जितेंद्र सिंह, गढ़वा जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, लातेहार जिला अध्यक्ष अमित पांडे, लातेहार महिला जिलाध्यक्ष रीमा देवी सहित अन्य उपस्थित थे














