पटना (PATNA): नवादा जिले में रोह थाना क्षेत्र के भंडाजोर और गुड़िहारी गांव के लोगों के बीच गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। खेत में धान की कटाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में गुड़िहारी गांव निवासी किसान कमलेश यादव की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


15 से 20 लोग ने हथियारों से किया हमला 

घटना के संबंध में घायल अखिलेश यादव ने बताया कि उनके परिवार ने भंडाजोर गांव के मांझी परिवार से 27 कट्ठा जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर उनका परिवार वर्ष 2021 से ही खेती-बारी करता आ रहा है। गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान भंडाजोर गांव के संतोष सिंह, चुहन सिंह, कार्यानंद सिंह और निशांत सिंह समेत 15 से 20 लोग हथियारों से लैस होकर खेत पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन लोगों ने धान काट रहे परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

सदर अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

मारपीट में बूंदी यादव के पुत्र कमलेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बूंदी यादव की पत्नी जयमंती देवी, पुत्र अखिलेश यादव, सत्येंद्र यादव और पिंकी कुमारी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान कमलेश यादव की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, अब तक पुष्टि नहीं

घायल पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन पर उनका वर्ष 2021 से ही कब्जा है और वे लगातार उस पर खेती करते आ रहे हैं। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर अपना दावा पेश कर रहे थे। गुरुवार को धान की कटाई के दौरान इसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पैसा लेकर उपद्रवियों को मदद और संरक्षण दिया जा रहा था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पूछताछ शुरू

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

बड़ी खबर