सूरजपुर : रामानुजनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार मवेशी तस्कर आरोपित गिरफ्तार
सूरजपुर, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामानुजनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 मवेशी तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लगभग दाे लाख रुपये कीमत की 14 गाय एवं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने साेमवार काे बताया कि जिले में अवैध कार्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16-17 मई की दरम्यानी रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भुनेश्वरपुर में एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोग फरार हो गए, जबकि मौके से चार आरोपितों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद मुस्तकीम निवासी कैलाशपुर, अहिबरन निवासी भुनेश्वरपुर तथा मुर्तजा शाह आलम एवं महबूब शाह निवासी साई टांगर टोली, जिला जशपुर शामिल हैं।
पुलिस जांच में पाया गया कि पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 02 बीक्यू 7718 में 7 गायों को लोड किया गया था, जबकि 7 अन्य गायों को वाहन में भरने के लिए बांधकर रखा गया। दस्तावेज मांगने पर आरोपित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में पुलिस ने 14 गाय, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दाे लाख रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर अपराध क्रमांक 147/26 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की है।
जब्त मवेशियों को सुरक्षा एवं देखरेख के लिए ग्राम पंचायत भुनेश्वरपुर के सरपंच को सुपुर्द किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गंगासाय पैंकरा, सहायक उप निरीक्षक बिसुनदेव पैंकरा, मनोज पोर्ते, प्रधान आरक्षक रामजतन सिंह, अनिल कुजूर, आरक्षक धनंजय साहू एवं राजेश नायक की सक्रिय भूमिका रही।















