प्रयागराज,  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में झूंसी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एवं जानलेवा मामले में फरार आरोपित को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 32 बोर पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत झूंसी पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमला मामले मे फरार आरोपित मानवेंद्र सिंह उर्फ जेलर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मानवेंद्र सिंह उर्फ जेलर पुत्र उदय बहादुर सिंह निवासी कतवारूपुर, थाना सराय इनायत, प्रयागराज है। उसे रविवार को शिवकुटी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि 30 मई को आरोपित ने झूंसी थाना क्षेत्र के तिरंगा चौराहे के पास सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग की थी। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना झूंसी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित मानवेंद्र सिंह उर्फ जेलर के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।