स्कूटी चलाना सीखने के दौरान हादसे में दो किशोरों की मौत
पश्चिमी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों दोस्त स्कूटी चलाना सीखने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में कलवर्ट पुलिया के पास संतुलन बिगड़ने से उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार,मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर निवासी संजय लोहार के पुत्र वतन लोहार (14) और ओम सांडिल के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों किशोर अपने एक मित्र की स्कूटी लेकर अभ्यास करने के लिए मैदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाले पर बनी कलवर्ट पुलिया के पास स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों वाहन समेत नीचे गिर गए।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों किशोरों के सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर मनोहरपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी एनुवाल एक्का ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, हालांकि शोकाकुल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।














