पलामू,  पलामू पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार कर रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों में विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह(29) , संतोष राम ( 26), मधुकांत प्रजापति, (20) और बिक्रम राम, ( 24 ) शामिल है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने दाे नाइन एमएम की पिस्टल , दाे नाइन एमएम की जिंदा गोली , छह पीस मिसफायर गोली, एक खाली मैगजीन और मोबाइल फाेन बरामद किया है।

इस संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि 30 मई की रात्रि में पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के कुछ सक्रिय सदस्य हैदरनगर थाना क्षेत्र में संचालित सड़क निर्माण डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्य को बाधित करने, कंपनी प्रबंधन पर रंगदारी के लिए दबाव बनाने तथा दहशत फैलाने के उद्देश्य से कंपनी के वर्कशॉप/कैंप परिसर पर रात्रि में गोलीबारी करने के लिए एकत्रित हुए हैं तथा योजना बना रहे हैं।

प्राप्त सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में हैदरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम के जरिये त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखकर अपराधी भागने का प्रयास करने लगे, किन्तु पुलिस बल की तत्परता एवं घेराबंदी के फलस्वरूप चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आराेपिताें की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध आग्नेयास्न, कारतूस, मोबाईल बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार आराेपिताें ने स्वीकार किया कि वे राहुल सिंह गिरोह के निर्देश पर सड़क निर्माण ड्रअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप परिसर पर गोलीबारी कर कंपनी प्रबंधन में भय उत्पन्न करने, रंगदारी वसूलने तथा निर्माण कार्य को बाधित करने की योजना बना रहे थे।

आराेपिताें ने पुलिस काे बताया कि पूर्व में भी राहुल सिंह गिरोह के जरिये कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाने एवं रंगदारी की मांग किए जाने का प्रयास किया गया था।

इस संबंध में हैदरनगर थाना में (कांड संख्या-41/26) के तहत कांड दर्ज किया गया तथा गिरफ्तार चारो आराेपिताें को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। राहुल सिंह गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता, वित्तीय नेटवर्क एवं संगठित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।

छापेमारी अभियान में हुसैनाबाद डीएसपी दिव्यांश शुक्ला, हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनान, एसआई राजू कुमार गुप्ता,मुकेश कमार सिंह, आशीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।