मारवाड़ी युवा मंच के रक्तदान शिविर में 42 यूनिट रक्त संग्रहित
खूंटी, मारवाड़ी युवा मंच, खूंटी नगर शाखा की ओर से रविवार को राजस्थान भवन में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया तथा स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, रांची ऑर्किड हॉस्पिटल और सदर अस्पताल खूंटी की टीम द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं के उत्साहपूर्ण सहयोग से कुल 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण योगदान है।
इसके साथ आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 45 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के दौरान रक्त शर्करा (शुगर), रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और वजन की निःशुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए जागरूक किया।
मारवाड़ी युवा मंच ने शिविर की सफलता में सहयोग देने के लिए ऑर्किड हॉस्पिटल की डॉ. भास्वती मुखर्जी एवं उनकी टीम, सदर अस्पताल खूंटी की टीम, सभी रक्तदाताओं तथा स्वास्थ्य जांच शिविर में भाग लेने वाले नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी समाजहित, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष राजेश मिश्रा, सचिव गौरव जैन, कोषाध्यक्ष प्रिंस अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष उदय लाल भाला, अखिल सरावगी, निवर्तमान अध्यक्ष अंकित जैन, संयोजक विशाल जैन, उपाध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, मीडिया प्रभारी संदीप पिपुरिया, खेलकूद संयोजक नमिता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।














