रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। रिम्स के निदेशक डीके सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर इंचार्ज स्टूडेंट सेक्शन, सब-डीन, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

खेल भावना को सर्वोपरि रखने की अपील 


इस मौके पर निदेशक डीके सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही जरूरी है। खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और धैर्य जैसे गुणों का विकास होता है। साथ ही, इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और खेल भावना को सर्वोपरि रखने की अपील की।

‘पैलेस्ट्रा’ का उद्देश्य 

‘पैलेस्ट्रा’ रिम्स की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता है, जिसके तहत विभिन्न खेलों और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य चिकित्सा विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता पैदा करना और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) शिशिर कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही संस्थान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।