दुर्गापूजा पर मेदिनीनगर में 17 से 20 अक्टूबर तक मालवाहक वाहनों प्रवेश रहेगा वर्जित
पलामू, दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और मेदिनीनगर शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस ने शुक्रवार को विशेष ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है।
17 से 20 अक्टूबर तक शहर में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। इसके तहत मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने आम लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की है।
शहर में मालवाहक वाहनों की भीड़ रोकने के लिए पुलिस ने विभिन्न प्रवेश मार्गों पर अस्थायी पड़ाव और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। गढ़वा की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को चैनपुर थाना क्षेत्र के मंगरदाहा स्थित गिरनाथ सिंह पेट्रोल पंप के पास रोका जाएगा। रामगढ़ और रमकंडा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नेऊरा चौक के पास अस्थायी पड़ाव बनाया गया है।
पड़वा मोड़ की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा फोरलेन के पास, जबकि पाटन की ओर से आने वाले वाहनों को जोड़ फोरलेन चेकपोस्ट के पास रोका जाएगा। लेस्लीगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पोखराहा फोरलेन चेकपोस्ट तथा रांची की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चियांकी फोरलेन चेकपोस्ट पर अस्थायी पड़ाव और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
17 से 19 अक्टूबर तक शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात नियंत्रण रहेगा। छहमुहान, थाना रोड और बड़ी मस्जिद रोड सहित कई रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को जिला स्कूल रोड, चेयरमैन रोड, जेलहाता और कांग्रेस भवन रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
पलामू पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए कई निर्धारित पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। इनमें जिला स्कूल रोड, कांग्रेस भवन के पास, थाना गेट के समीप वीआईपी पार्किंग, बैरिया चौक स्थित बाजार समिति, गांधी मैदान, रेलवे स्टेशन रोड तथा होमगार्ड कार्यालय और कोयल नदी के पास बस-टेंपो स्टैंड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साहित्य समाज चौक से पुलिस लाइन तथा मेजर मोड़ से साहित्य समाज चौक की ओर शाम छह बजे से अगले आदेश तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
इस प्रतिबंध को ध्यान में रखकर लोगों को अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। पलामू पुलिस ने श्रद्धालुओं, वाहन चालकों और आम नागरिकों से दुर्गापूजा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्क करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पूजा के दौरान अनावश्यक रूप से वाहन लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह भी दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।














