सूरत,   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी 5 जून को प्रस्तावित सूरत दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए रविवार को सूरत जिला कलेक्टर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं नवसारी सांसद सीआर पाटिल और गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने की।

बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के दौरे को सुचारू और सफल बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, लाभार्थियों एवं आमंत्रित अतिथियों की आवाजाही सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और प्रोटोकॉल के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर तेजस परमार ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विस्तृत प्रस्तुति भी दी।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर परमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में प्रधानमंत्री हजीरा स्थित एल एंड टी प्लांट का दौरा करेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में सूरत के इंडोर स्टेडियम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़े लगभग 18 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानसेरिया, सांसद मुकेशभाई दलाल, महापौर मायाबेन मावाणी, विधायक मुकेशभाई पटेल, पूर्णेश मोदी, संदीप देसाई, ईश्वरभाई परमार, मनुभाई पटेल, प्रवीणभाई घोघारी, मोहनभाई धोड़िया, पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, मनपा आयुक्त एम. नागराजन, जिला विकास अधिकारी सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।