राहुल गांधी ने छात्राओं से कथित मारपीट मामले में दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की
नई दिल्ली, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्राओं से कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केरल की अथिरा और राजस्थान की रितु समेत कई छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने इस संबंध में केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्नीथला और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बातचीत की है।
राहुल गांधी के साझा किए गए वीडियो में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई, हिरासत में लिए गए छात्रों के बयान और कथित मारपीट के अनुभव शामिल हैं। वीडियो में अथिरा और रितु समेत कुछ छात्रों ने पुलिस वाहन और थाने में कथित दुर्व्यवहार का जिक्र किया है। इसमें छात्रों की शिकायत, राहुल गांधी की उनसे मुलाकात और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दृश्य भी दिखाए गए हैं। वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि यह मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है। प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट का आरोप लगाया था।















