वाराणसी,   बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण वाराणसी जंक्शन (कैंट रेलवे स्टेशन) के समीप लगभग चार घंटे तक खड़ी रही। इसकी वजह से ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंच मरम्मत कार्य करने के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना की गई।

जानकारी के अनुसार मंड़ुवाडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय पर सुबह 5:15 बजे खजुराहो के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही वाराणसी जंक्शन के निकट पहुंची, पैंटोग्राफ में चिंगारी निकलती देखकर रेलवे गेटमैन ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को प्लेटफॉर्म संख्या-3 के पास रोक दिया गया।

दरअसल, वाराणसी जंक्शन पर इस वंदे भारत एक्सप्रेस का निर्धारित ठहराव नहीं है। तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पाया कि पैंटोग्राफ (ओएचई से विद्युत आपूर्ति प्राप्त करने वाला उपकरण) के रॉड में खराबी आ गई। इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीमाें ने पैंटोग्राफ का टेढ़ा रॉड बदला कर समस्या का समाधान किया गया। इसके बाद ट्रेन सुबह 9:35 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।

घटना के दौरान एडीआरएम बृजेश कुमार यादव, कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और मरम्मत कार्य की निगरानी करते रहे। वंदे भारत एक्सप्रेस के खड़े रहने के कारण स्टेशन पर ट्रेनाें का परिचालन भी प्रभावित हुआ। इसके चलते गोरखपुर इंटरसिटी, लिच्छवी एक्सप्रेस, पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, उधना-दानापुर एक्सप्रेस, हुबली-वाराणसी एक्सप्रेस तथा महानगरी एक्सप्रेस को निर्धारित प्लेटफॉर्म संख्या-3 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या-2 से रवाना किया गया।