मुख्यमंत्री शुभेंदु की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा मंगलवार को, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
रांची (RANCHI): उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर शहर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पदयात्रा को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जा रही है।
एयरव्यू मोड़ पर समाप्त होगी पदयात्रा
जानकारी के अनुसार, पदयात्रा सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एयरव्यू मोड़ पर समाप्त होगी। यहां आयोजित सभा को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों से पार्टी के नेता, मंत्री और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी
सोमवार को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अरुण मंडल, उत्तर बंगाल के संयोजक राजू साहा, पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की।जिलाध्यक्ष अरुण मंडल ने बताया कि पदयात्रा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
क्रिकेटर ऋचा घोष के घर भी जा सकते हैं मुख्यमंत्री
वहीं, जानकारी मिली है कि सिलीगुड़ी पहुंचने के बाद शुभेंदु अधिकारी माखनलाल सरकार और शहर की बेटी एवं क्रिकेटर ऋचा घोष के घर भी जा सकते हैं। इस संभावित दौरे को देखते हुए पुलिस की एक टीम दोनों के घर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले चुकी है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के दौरे और ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा को लेकर सिलीगुड़ी में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वहीं, पुलिस और प्रशासन भी कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।















