रांची (RANCHI): पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारतीय अर्थव्यवस्था संबंधी टिप्पणी पर पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के न्यायपालिका संबंधी बयान और धर्मांतरण के मुद्दे पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।


अंधा व्यक्ति दिन में भी अंधेरा देखता है: घोष 

कोलंबिया विश्वविद्यालय में राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति को संकटग्रस्त करार दिया था। इस पर बुधवार सुबह प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा, “अंधा व्यक्ति दिन में भी अंधेरा देखता है।” उन्होंने दावा किया कि भारत की जीडीपी आज दुनिया के लिए एक उदाहरण है और देश का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और पिछले 12 वर्षों से लोग बेहतर स्थिति में हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में कोई उनकी बात नहीं सुनता, इसलिए राहुल गांधी विदेश जाकर इस तरह के बयान देते हैं।

अभिषेक बनर्जी की न्यायपालिका संबंधी टिप्पणी पर कांग्रेस को घेरा

अभिषेक बनर्जी की न्यायपालिका संबंधी टिप्पणी पर भी दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने पर तृणमूल कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराती है और अब न्यायपालिका को निशाना बना रही है। उनके अनुसार, देश की संवैधानिक व्यवस्था पर हमला करना उसकी एकता और अखंडता को चोट पहुंचाने के समान है।

आवश्यकता पड़ने पर नया कानून बनाने की वकालत

धर्मांतरण के मुद्दे पर भी घोष ने कड़ा रुख अपनाते हुए दावा किया कि धर्मांतरण की घटनाएं केवल स्कूलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभिन्न बस्तियों और घनी आबादी वाले इलाकों में भी हो रही हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रविरोधी गतिविधि और अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा बताते हुए इस पर रोक लगाने के लिए आवश्यकता पड़ने पर नया कानून बनाने की वकालत की।

बड़ी खबर