बर्दवान,  आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) की पहल पर रविवार को आसनसोल नगर निगम के सभागार में एक महत्वपूर्ण शांति बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अगुवाई एसीपी अब्दुल गफ्फार और आसनसोल साउथ थाना के प्रभारी (ओसी) बिश्वजीत मुखर्जी ने की, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और साउंड संबंधी कानून को लेकर जागरूकता फैलाना था। इसमें मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सहित विभिन्न धार्मिक संस्थानों के जिम्मेदार लोग उपस्थित रहे।

ओसी बिश्वजीत मुखर्जी ने बताया कि बैठक के दौरान लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से जुड़े नियमों और कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में बने ध्वनि संबंधी कानून और 2023 में हुए संशोधनों के प्रावधानों को सभी के सामने स्पष्ट किया गया।

पुलिस प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि शाम छह बजे से रात 10 बजे तक और रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक ध्वनि नियंत्रण को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

एसीपी अब्दुल गफ्फार ने कहा कि इस तरह की बैठकों का उद्देश्य किसी भी प्रकार की गलतफहमी या अफवाह को रोकना और क्षेत्र में शांति बनाए रखना है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और कानून का पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में मौजूद सभी धार्मिक प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहकर ही इलाके में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।