अभिषेक बनर्जी पर हमले के विरोध में पथावरोध, पुलिस से झड़प के आरोप में असित मजूमदार समेत 10 गिरफ्तार
हुगली, पुलिस के काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में चूंचुड़ा के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक असित मजूमदार समेत 10 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार सुबह हुई कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ सोनारपुर में हुई कथित हमले की घटना के विरोध में हुगली के पिपुलपाती इलाके में तृणमूल कांग्रेस द्वारा पथावरोध कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस आंदोलन का नेतृत्व चूंचुड़ा के पूर्व विधायक असित मजूमदार कर रहे थे।
शनिवार को सोनारपुर जाते समय अभिषेक बनर्जी कथित तौर पर जनाक्रोश का सामना करने को मजबूर हुए थे। उनके काफिले की ओर कच्चे अंडे, जूते और ईंट के टुकड़े फेंके जाने के आरोप लगे थे। उन्हें "चोर-चोर" के नारे भी सुनने पड़े।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि अभिषेक बनर्जी के हेलमेट को हटाकर उनके साथ मारपीट भी की गई।
इस घटना के विरोध में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिपुलपाती में पथावरोध कर प्रदर्शन शुरू किया। पुलिस जब सड़क से अवरोध हटाने पहुंची तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्य निर्वहन से रोका गया और उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई। बाद में पुलिस ने सड़क जाम समाप्त कराकर यातायात सामान्य कराया।
इसी मामले में रविवार सुबह चूंचुड़ा थाना पुलिस ने पूर्व विधायक असित मजूमदार के अलावा चूंचुड़ा नगरपालिका के चेयरमैन सौमित्र घोष, वाइस चेयरमैन पार्थ साहा, पार्षद रंजन राहा, निर्मल चक्रवर्ती, समीर सरकार समेत कुल 10 तृणमूल कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सभी लोगों को पहले चूंचुड़ा इमामबाड़ा सदर अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किए जाने की तैयारी की गई।
घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है, जबकि तृणमूल कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रही है।















