कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस के विधायक शमीम अहमद के घर पर अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की है। बुधवार देर रात जांच अधिकारी डायमंड हार्बर के हिंगचेबेड़िया इलाके में स्थित मोगराहाट पश्चिम के विधायक शमीम के आवास के बाहर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक घर का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन विधायक का कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, तृणमूल के शासनकाल के दौरान डायमंड हार्बर में जमीन कब्जाने के एक मामले में विधायक का नाम सामने आया था। आरोप है कि पिछले वर्ष अगस्त में बंदूक दिखाकर और धमकाकर उक्त संपत्ति का मालिकाना हक बदलवा लिया गया था। इस मामले में आरोपितों की सूची में दूसरा नाम विधायक शमीम अहमद का ही है। जमीन हड़पने से जुड़े इस मामले की जांच की जिम्मेदारी वर्तमान में सीआईडी के पास है।

डायमंड हार्बर की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिवार की लगभग 1.85 एकड़ जमीन डरा-धमकाकर हड़प ली गई है। आरोप है कि शमीम और उनके समर्थकों ने पिछले साल महिला के घर जाकर भी धमकी दी थी। महिला का दावा है कि आरोपितों के राजनीतिक प्रभाव के कारण उस समय स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी और इसी डर से वह इतने दिनों तक कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सकी थीं।

इसी सिलसिले में बुधवार देर रात डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अधिकारियों के साथ सीआईडी की एक टीम विधायक के घर के बाहर पहुंची। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि यह संयुक्त अभियान किस मामले के तहत चलाया गया, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि डायमंड हार्बर के जमीन कब्जा मामले की जांच के सिलसिले में ही सीआईडी ने यह कदम उठाया है।

गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस ने डायमंड हार्बर के सरिशा स्थित तृणमूल के एक पार्टी कार्यालय में छापेमारी कर एक करोड़ दो लाख उनासी हजार रुपये नकद बरामद किए थे। उस नकदी बरामदगी के विवाद में भी मोगराहाट पश्चिम के इस तृणमूल विधायक का नाम जुड़ा था। हालांकि, शमीम शुरू से ही यह दावा करते आ रहे हैं कि नकदी बरामदगी की घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह से एक साजिश है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया है। इसी बीच पिछले साल के जमीन कब्जा मामले में सीआईडी और पुलिस की इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है।

बड़ी खबर