पटना (PATNA): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को सीवान जिले को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वैशाली जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के कर-कमलों से सीवान जिला अंतर्गत मेहरौना से सीवान तक रामजानकी मार्ग का शिलान्यास प्रस्तावित है।

12 अलग-अलग कोषांगों का गठन


इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सीवान में प्रस्तावित शिलान्यास स्थल के समीप किया जाएगा, ताकि जिले के लोग भी इस महत्वपूर्ण आयोजन के साक्षी बन सकें। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने जिला गोपनीय शाखा के माध्यम से आदेश जारी कर 12 अलग-अलग कोषांगों का गठन किया है। सभी कोषांगों में वरीय पदाधिकारियों और नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन्हें अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग कराएगा गया

प्रशासन की ओर से गठित बैरिकेडिंग कोषांग कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग कराएगा। मंच निर्माण एवं संचालन कोषांग मंच, हैंगर, साज-सज्जा, बैनर, कुर्सी, साउंड, लाइट और पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। साथ ही मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। आम सभा कोषांग आम लोगों और पदाधिकारियों के आगमन से जुड़ी व्यवस्थाएं देखेगा।

 भ्रामक सूचनाओं और पोस्ट का खंडन करने की व्यवस्था 

वेबकास्टिंग, आइटी एवं मीडिया कोषांग सजीव प्रसारण, हाईस्पीड इंटरनेट, एलईडी वॉल और सोशल मीडिया की निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगा। भ्रामक सूचनाओं और पोस्ट का खंडन करने की व्यवस्था भी इसी कोषांग के जिम्मे होगी। कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अलग कोषांग बनाया गया है। आकस्मिक चिकित्सा कोषांग के तहत सभा स्थल पर 40 चिकित्सक दल तथा सभी पार्किंग स्थलों पर मेडिकल टीम की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी। शिलान्यास कोषांग शिलापट्ट के निर्माण और उसकी प्रूफ रीडिंग का कार्य करेगा। इसके अलावा वाहन पार्किंग, यातायात और वाहन प्रबंधन के लिए अलग-अलग कोषांग गठित किए गए हैं। आमंत्रण पत्र कोषांग अतिथियों को समय पर निमंत्रण भेजने की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं स्थल स्वच्छता, पेयजल एवं रोशनी कोषांग सफाई, पेयजल टैंकर, अस्थायी शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

प्रशासनिक गतिविधियां तेज

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सभी कोषांगों के वरीय और नोडल पदाधिकारियों को कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होना होगा। बैठक में तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। मेहरौना से सीवान तक रामजानकी मार्ग के निर्माण से जिले में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क मजबूत होगा। साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी गति मिल सकती है। 21 नवंबर को होने वाले इस शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

बड़ी खबर

झारखंड की ताज़ा खबरें