हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, 14 अन्य घायल
रांची (RANCHI): झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब शव का अंतिम संस्कार करने के लिए यात्रियों को लेकर वाराणसी जा रहे सवारी वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
जांच में जुटी पुलिस
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने पांच लोगों की मौत और 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। इन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मृतकों के शव हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं। वहीं हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही बिहारो और सलैया गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल की ओर रवाना हो गए।













