पश्चिम बर्दवान,  जिले के बाराबनी ब्लॉक में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के सत्यापन कार्य के दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों के साथ कथित अपमान, दुर्व्यवहार और असुरक्षा की घटना को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने बाराबनी थाना के प्रभारी (ओसी) को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पश्चिम बंगाल आंगनबाड़ी कर्मी एवं सहायिका कल्याण समिति की ओर से दर्ज कराई गई है।

समिति के अनुसार, स्थानीय सीडीपीओ और प्रशासन के निर्देश पर बाराबनी ब्लॉक के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कर्मी अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों का सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान सात जुलाई 2026 को एक अप्रिय घटना घटी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कपिष्ठा निवासी काकली सिन्हा नामक एक महिला तथा उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने ब्लॉक कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने आम लोगों और मीडिया की मौजूदगी में आंगनबाड़ी कर्मियों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

आंगनबाड़ी कर्मियों का कहना है कि वे बेहद कम मानदेय पर स्वास्थ्य विभाग और पंचायत के कई अतिरिक्त कार्य नियमित रूप से करते हैं। व्यक्तिगत कठिनाइयों के बावजूद वे आम लोगों के हित में सरकारी योजनाओं का कार्य पूरी जिम्मेदारी से निभाते रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने उनके साथ कथित दुर्व्यवहार से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

कर्मियों ने स्पष्ट कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे सुरक्षित वातावरण के बिना अन्नपूर्णा योजना का कार्य जारी रखने के लिए तैयार नहीं हैं।

उनका कहना है कि यदि आरोपित महिला सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने बिना शर्त माफी नहीं मांगतीं और अपनी गलती स्वीकार नहीं करतीं, तो वे अन्नपूर्णा योजना के कार्य से पूरी तरह अलग हो जाएंगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नौ जुलाई 2026 को बाराबनी थाने में शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।