रांची (RANCHI): काली पूजा के अवसर पर सरकारी प्रतिबंधों और दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाते हुए जमकर हुई आतिशबाजी के कारण कोलकाता की हवा 'खतरनाक' स्तर पर पहुंच गई। आधी रात के कुछ ही समय बाद शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे महानगर के बड़े हिस्से में दमघोंटू धुंध की घनी चादर छा गई। हालांकि, प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर के बावजूद, राहत की बात यह रही कि कोलकाता देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल नहीं हुआ।


रात दो बजे कोलकाता में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 437 दर्ज किया गया

पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रात दो बजे कोलकाता में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 437 दर्ज किया गया, जिसे 'खतरनाक' श्रेणी में रखा गया है। हवा में सबसे हानिकारक माने जाने वाले सूक्ष्म धूल कणों (पीएम 2.5) का स्तर 293 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जबकि पीएम 10 का स्तर 354 माइक्रोग्राम तक पहुंच गया।

आतिशबाजी का सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी कोलकाता में दिखा

आतिशबाजी का सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी कोलकाता में देखने को मिला। कांकुरगाछी इलाके में एक्यूआई खतरनाक रूप से 610 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा मानिकतला (538), बेनियापुकुर (528), लेबूतला (491), कोसीपोर (490) और तालतला (469) में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। बिधाननगर (साल्ट लेक) क्षेत्र की स्थिति भी बेहद खराब रही। साल्ट लेक के ईई ब्लॉक में सूचकांक 662, डीजे ब्लॉक में 557 और बिधाननगर नगर निगम क्षेत्र में 490 दर्ज किया गया।

उत्तर 24 परगना जिले के रवींद्र भारती विश्वविद्यालय क्षेत्र में सूचकांक 474 रहा

मध्य कोलकाता में फोर्ट विलियम परिसर के पास वायु गुणवत्ता सूचकांक 484, एल्गिन रोड और हेस्टिंग्स में 462 और मैदान इलाके में 461 रहा। दक्षिण कोलकाता के चक्रबेरिया (478), बालीगंज (474), लेक टेरेस (446), भवानीपुर (432), चेतला (425), ढाकुरिया (397) और साउथ सिटी (362) में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। पड़ोसी जिलों में भी हालात खराब रहे। हावड़ा जिले के घुसुड़ी इलाके में पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 500 और बेलूर में 453 दर्ज किया गया। उत्तर 24 परगना जिले के रवींद्र भारती विश्वविद्यालय क्षेत्र में सूचकांक 474 रहा।

शहर भर में 100 वाटर कैनन तैनात करने की भी मांग 

महानगर में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रमुख पर्यावरणविद् और ग्रीन टेक्नोलॉजिस्ट सोमेंद्र मोहन घोष ने दीर्घकालिक उपाय करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में 15 साल पुराने पेट्रोल और डीजल वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए, क्योंकि ये पीएम 2.5, पीएम 10 और ब्लैक कार्बन के सबसे बड़े स्रोत हैं। इसके अलावा, सड़क किनारे और फुटपाथों पर कोयले के चूल्हे के उपयोग पर रोक लगनी चाहिए। छोटे विक्रेताओं को स्वच्छ एलपीजी या इलेक्ट्रिक कुकिंग की ओर स्थानांतरित करने के लिए सरकारी सहायता मिलनी चाहिए। घोष ने प्रशासन से प्रदूषण को तुरंत नियंत्रित करने के लिए शहर भर में 100 वाटर कैनन तैनात करने की भी मांग की, ताकि हवा में लटके हुए धूल कण नीचे बैठ सकें और पेड़ों की पत्तियों पर जमी धूल हटने से वे अधिक ऑक्सीजन पैदा कर सकें।