कूचबिहार,  कूचबिहार नगर पालिका में राजनीतिक उठापटक थमने का नाम नहीं ले रही है। चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के महज दो दिन बाद ही बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। वाइस चेयरमैन अमीना अहमद समेत चार पार्षदों ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे नगर पालिका में प्रशासनिक संकट गहरा गया है।

बताया जा रहा है कि चुनाव के बाद से ही कूचबिहार नगर पालिका में लगातार अस्थिरता बनी हुई थी। हाल ही में वाइस चेयरमैन अमीना अहमद समेत 13 पार्षदों ने चेयरमैन दिलीप साहा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसके दबाव में चेयरमैन को पद छोड़ना पड़ा। अंदरूनी राजनीतिक खींचतान और अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद के कारण स्थिति और जटिल हो गई।

एक गुट नया चेयरमैन चुनने के पक्ष में था, जबकि दूसरा गुट प्रशासक नियुक्त करने की मांग कर रहा था। इसी बीच बुधवार को अचानक तीन और छह नंबर वार्ड के पार्षद माया साहा और शुभ्रांशु साहा ने एसडीओ कार्यालय पहुंचकर इस्तीफा दे दिया। उनके साथ वाइस चेयरमैन अमीना अहमद और भुषण सिंह ने भी पद छोड़ दिया। इस्तीफे को लेकर अलग-अलग वजहें सामने आई हैं।

माया साहा ने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया, जबकि अमीना अहमद ने कहा कि पद पर बने रहने का कोई फायदा नहीं है।

वहीं, भुषण सिंह का कहना है कि नगर पालिका में काम करने के लिए जरूरी ढांचा ही नहीं है, इसलिए पद पर बने रहना बेकार है। इन इस्तीफों के बाद नगर पालिका की स्थिति और अधिक अनिश्चित हो गई है।