सिक्किम टनल हादसे में बचाव अभियान के लिए ईसीएल की 12 सदस्यीय माइंस बचाव दल रवाना
पश्चिम
बर्दवान, सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी तीस्ता
स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग धंसने की घटना के बाद बचाव एवं राहत
कार्य को तेज करने के लिए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने अपनी 12
सदस्यीय प्रशिक्षित माइंस बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया है।
ईसीएल
माइंस रेस्क्यू स्टेशन, सीतारामपुर के अधीक्षक (रेस्क्यू) अभिजीत कुंडू
के नेतृत्व में यह टीम अत्याधुनिक बचाव उपकरणों के साथ खोज एवं बचाव अभियान
में सहयोग करेगी।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश
झा के निर्देश पर एनएचपीसी और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ)
से अनुरोध प्राप्त होने के बाद टीम को तत्काल रवाना किया गया। बचाव दल
भारतीय वायुसेना के विमान से पानागढ़ एयर बेस से बागडोगरा पहुंचा और वहां
से सड़क मार्ग द्वारा नामची जिले के प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हुआ।
ईसीएल
ने कहा है कि वह इस कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनशीलता
और एकजुटता के साथ खड़े है तथा चल रहे खोज एवं बचाव अभियान में हरसंभव
सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ईसीएल ने यह भी स्पष्ट किया है कि
इस पोस्ट में उपयोग की गई तस्वीर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा तैयार
की गई है और केवल सांकेतिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल की गई है।















