कोलकाता, दुष्कर्म सहित धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर आरोपों में घिरे पश्चिम बंगाल के विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के कैनिंग पश्चिम से विधायक परेश राम दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उन्हें उस वक्त दबोचा गया, जब वह कानूनी कार्रवाई और जांच से बचने के लिए मुंबई भागने की फिराक में थे। हालांकि, पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद विधायक ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि उन्हें किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के इस विधायक के हवाई अड्डे जाने की सूचना मिलते ही बारुईपुर पुलिस जिले के विशेष कार्य बल (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय से संपर्क स्थापित कर विधायक को उड़ान भरने से पहले ही हवाई अड्डा परिसर में पुख्ता घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि वह जांच प्रक्रिया से बचने के लिए शहर छोड़ने की कोशिश कर रहे थे।

बारुईपुर पुलिस जिले के अनुसार, विधायक परेश राम दास के खिलाफ कैनिंग थाने में मुकदमा संख्या 561/2026 के तहत मामला दर्ज है। यह मुकदमा बीते पांच सितंबर को दर्ज किया गया था। इस मामले में उनके खिलाफ दुष्कर्म, जानबूझकर चोट पहुंचाना, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक धमकी जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को हवाई अड्डे से हिरासत में लेने के बाद उन्हें आगे की पूछताछ के लिए बारुईपुर पुलिस जिले के कार्यालय ले जाया गया। पुलिस मंगलवार को आरोपित विधायक को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत में पेश करेगी।

ज्ञात हो कि विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही कैनिंग पश्चिम के इस निर्वाचित जनप्रतिनिधि के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। उन पर साल 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान अशांति फैलाने, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत भी आरोप हैं। इसके अलावा, उन पर मातला नदी के किनारे अतिक्रमण कर आश्रम बनाने का भी आरोप लगा है। पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान हुई राजनीतिक हिंसा के मामले में सीआईडी ने भी उन्हें तलब किया था। हाल ही में भवानी भवन (सीआईडी मुख्यालय) में पूछताछ के दौरान वह बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले जाना पड़ा था।

कलकत्ता उच्च न्यायालय में राज्य सरकार ने भी दावा किया था कि इस नेता के खिलाफ इलाके में जमीन हड़पने सहित कई आरोप हैं। वहीं, अदालत में अपना बचाव करते हुए परेश ने दावा किया था कि उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेष के चलते एक के बाद एक झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। अदालत ने यह भी गौर किया था कि विधायक के खिलाफ जो भी प्राथमिकियां दर्ज हुई हैं, वे 16 मई की हैं, जब तक राज्य में सत्ता परिवर्तन हो चुका था।

इन सभी घटनाक्रमों के बीच, विधायक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ रहस्यमयी पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'अलविदा कैनिंग। फिर मिलेंगे। बातें होंगी।' वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा था, 'मां, सबको अच्छा रखना... तुम तो सब जानती हो, तुमसे और क्या कहूं? सब कुछ तुम पर ही छोड़ दिया।' इसके बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई नई गतिविधि नहीं देखी गई।

गिरफ्तारी के बाद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए परेश ने कहा, 'मुझसे कागजातों पर हस्ताक्षर कराकर ले जाया जा रहा है। मुझे नहीं पता कि मेरे खिलाफ क्या आरोप हैं और मुझे क्यों गिरफ्तार किया गया है। मैं जा रहा हूं।'

इस बीच, परेश की गिरफ्तारी के समय (टाइमिंग) को लेकर कालीघाट से तृणमूल विधायक और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, 'मैं परेश राम के मामले के बारे में विस्तार से नहीं जानता। लेकिन गिरफ्तारी की टाइमिंग देखकर सवाल उठ रहे हैं। जब तक ऋतब्रत (एक अन्य नेता) तृणमूल में थे, तब तक पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। परेश हाल ही में ममता दीदी के खेमे में लौटना चाहते थे। तभी पुलिस कहने लगी कि वह भागने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें पकड़ना होगा आदि।'

हालांकि, कुणाल घोष के इस बयान पर पलटवार करते हुए ऋतब्रत के खेमे की ओर से तृणमूल के अखिल भारतीय अध्यक्ष अरूप रॉय ने कहा, 'पुलिस को निश्चित रूप से परेश नाथ बाबू के खिलाफ लगे आरोपों के आधार पर कुछ सबूत मिले होंगे। उसी के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई होगी। वैसे भी हम कुणाल की बातों को अहमियत नहीं देते हैं, वह तो बहुत कुछ कहते रहते हैं।'