नंदीग्राम मामले की फाइल खुलेगी : सीएम शुभेंदु बोले- सीआईडी जांच के बावजूद नहीं मिला न्याय, 100 साल तक नहीं दिखेगी तृणमूल कांग्रेस
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में साल 2007 में हुए बहुचर्चित 'ऑपरेशन सूर्योदय' के 19 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक बार फिर वाममोर्चा शासन की 'क्रूरता' को याद किया। मंगलवार को नंदीग्राम दिवस के मंच से बोलते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी सरकार नंदीग्राम आंदोलन की उस पुरानी 'फाइल' को फिर से खोलेगी। कुछ दिन पहले ही मेदिनीपुर के गणवेता में एक जनसभा के दौरान उन्होंने इसका ऐलान किया था। अब नंदीग्राम में उन्होंने दोहराया कि इस मामले में सीआईडी जांच तो हुई, लेकिन न्याय प्रक्रिया कभी पूरी नहीं हुई और असली दोषियों को सजा नहीं मिली।
ज्ञात हो कि 10 नवंबर 2007 को वाममोर्चा शासन के दौरान पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम के सोनाचूड़ा से महेशपुर तक भूमि अधिग्रहण प्रतिरोध कमेटी ने एक विरोध रैली निकाली थी। आरोप है कि रास्ते में ही तत्कालीन सत्ताधारी माकपा समर्थित बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना को ही 'ऑपरेशन सूर्योदय' के नाम से जाना जाता है। इसमें दो लोगों की मौत हुई थी और पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार 12 लोग लापता हो गए थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही हर साल इस दिन को 'शहीद दिवस' के रूप में मनाया जाता रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह नंदीग्राम के गोकुलनगर में शहीदों को पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। 19 साल पुरानी उस घटना की क्रूरता का वर्णन करते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, कुल 11 लोगों को हाथ बांधकर ले जाया गया था। उन्हें बरताला इलाके के ग्राम पंचायत कार्यालय में बंधक बनाकर रखा गया। फिर उन जिंदा लोगों को कामारदा ले जाकर माकपा कार्यालय में उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए। अगले दिन उनके शवों को बैग में भरकर गहरे समुद्र में फेंक दिया गया।
शुभेंदु ने आगे कहा कि इस घटना के बाद सीआईडी जांच हुई थी और पूर्व सांसद लक्ष्मण सेठ को 181 दिन जेल में भी रहना पड़ा था, लेकिन न्याय कभी पूरा नहीं हो सका। उन्होंने गोलीबारी में मारे गए श्यामाली मन्ना और रेजाउल करीम जैसे आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि कई लोगों को अपनों को खोना पड़ा और 11 लोगों के शव तो आज तक नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मौजूदा सरकार इस पूरे मामले में न्याय सुनिश्चित करेगी।
इस बीच, नंदीग्राम आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी 'ऑपरेशन सूर्योदय' को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। वहीं, शुभेंदु ने सोशल मीडिया पर लिखा, नंदीग्राम का मतलब बुरी ताकतों के खिलाफ खड़े होने की लड़ाई है। आज लहूलुहान सूर्योदय की 19वीं बरसी है।
शहीद मंच से मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, मैंने पिछले साल ही कहा था कि 2026 में हम फिर वापस आएंगे, लेकिन इस 'चोर' तृणमूल को आप नहीं देख पाएंगे। मेरी बात सच साबित हुई ना? इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा, आज मैं यहां खड़े होकर कह रहा हूं, इसे रिकॉर्ड कर लीजिए, आने वाले 100 सालों तक आप इन लोगों को सत्ता में नहीं देख पाएंगे।














-1794291664085_v.webp)